Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। रुद्रप्रयाग में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अगस्त्यमुनि स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान मान्यता प्राप्त विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की बाहरी और आंतरिक सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता कक्षवार विद्युत आपूर्ति खिड़कियों और रोशनदानों की सुरक्षा प्रवेश एवं निकास व्यवस्था अग्निशमन उपकरणों सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता पारदर्शिता और विश्वसनीयता का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा वेयरहाउस की सुरक्षा चौबीसों घंटे प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों और दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस से संबंधित आवश्यक अभिलेखों और रजिस्टरों का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी अभिलेखों और रजिस्टरों का नियमित रूप से संधारण करने तथा उन्हें अद्यतन रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति को लेकर बैठक की। बैठक में वर्तमान में प्राप्त दावे एवं आपत्तियों तथा नोटिस की सुनवाई के संबंध में चर्चा की गई। इसके साथ ही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अंतिम निर्वाचक नामावली के प्रकाशन से संबंधित विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से इस संबंध में उनके सुझाव भी प्राप्त किए। इस अवसर पर सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन चन्द्र जोशी जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग मीनल गुलाटी बहुजन समाज पार्टी से बिक्रम लाल शाह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से हरीश गुसाईं सहित संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *