Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल के निर्देशों के क्रम में ग्राम्य विकास विभाग के परियोजना निदेशक एवं आईएएस प्रशिक्षु ज्योति ने विकासखंड भिलंगना के अंतर्गत संचालित ग्रामोत्थान यानी रीप परियोजना के तहत सहकारिताओं एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित सामुदायिक स्तर के उद्यमों और कलेक्शन सेंटर का भौतिक एवं स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण से पूर्व विकासखंड कार्यालय में खंड विकास अधिकारी जिला परियोजना प्रबंधक एवं ब्लॉक स्तरीय कार्मिकों के साथ रीप परियोजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसके बाद रीप परियोजना द्वारा वित्त पोषित संगम स्वायत्त सहकारिता के माध्यम से संचालित समुदाय आधारित उद्यम लेवलिंग प्रिंटिंग यूनिट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उज्जवल स्वायत्त सहकारिता द्वारा कलेक्शन सेंटर के लिए चयनित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही उज्जवल स्वायत्त सहकारिता द्वारा चमियाला में संचालित समुदाय आधारित उद्यम हिलांश गढ़वाल मार्ट की भौतिक एवं वित्तीय स्थिति का भी जायजा लिया गया। परियोजना निदेशक ने ग्राम पंचायत कोठियाडा में सीबीओ आधारित उद्यम एकीकृत खेती का भी निरीक्षण किया। उद्यम की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने दूरभाष के माध्यम से जिला उद्यान अधिकारी को पॉलीहाउस जल्द लगवाने के लिए सख्त निर्देश दिए। इसके साथ ही संगम स्वायत्त सहकारिता द्वारा संचालित समुदाय आधारित उद्यम मॉडर्न नर्सरी का निरीक्षण किया गया। ग्राम पंचायत मज्याड़ी में निर्माणाधीन कलेक्शन सेंटर का भी जायजा लिया गया। वहीं प्रगति स्वायत्त सहकारिता देवट द्वारा घनसाली में संचालित समुदाय आधारित उद्यम फूड का स्थलीय निरीक्षण करते हुए उसकी प्रगति की जानकारी ली गई। परियोजना निदेशक ने रीप परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए ब्लॉक स्तरीय कार्मिकों एवं सीएलएफ स्टाफ द्वारा किए जा रहे मेहनत और प्रयासों की सराहना की। उन्होंने परियोजना के कार्यों को निरंतर बेहतर बनाने के लिए सभी को प्रोत्साहित किया। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी विपिन सिंह जिला परियोजना प्रबंधक ब्रह्मकान्त भट्ट, ब्लॉक स्तरीय रीप कार्मिक सीएलएफ स्टाफ एवं समूह सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *