प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में जिलाधिकारी ट्रांजिट कैंप कार्यालय मुनिकीरेती में पुनर्वास समन्वय उप समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्यों ने प्रतिभाग करते हुए टिहरी बांध पुनर्वास से संबंधित प्राप्त प्रस्तावों प्रकरणों एवं कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की तथा विभिन्न मामलों के निस्तारण की कार्रवाई की गई। गुरुवार को आयोजित बैठक में टिहरी बांध पुनर्वास से संबंधित विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त लोगों की समस्याओं और प्रकरणों पर समिति ने विचार किया। आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि पुनर्वास क्षेत्रों में नाम परिवर्तन बांध क्षेत्र के ऊपर बने मकान अथवा मकानों को हुई क्षति सहित अन्य पुनर्वास संबंधी मामलों पर आवश्यक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों का निस्तारण समिति स्तर पर संभव है उन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है जबकि शासन स्तर से संबंधित मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए शासन को प्रेषित किया जा रहा है। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनर्वास से जुड़े प्रकरणों में नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिन मामलों में उच्च स्तर पर निर्णय अपेक्षित है उनके प्रस्ताव स्पष्ट आख्या और आवश्यक अभिलेखों सहित शासन को भेजे जाएं ताकि संबंधित लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके। बैठक में पुनर्वास से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों एवं लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की गई और संबंधित विभागीय अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली गई। समिति द्वारा प्रकरणवार विचार-विमर्श करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल वर्चुअल माध्यम से जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित अपर जिलाधिकारी देहरादून केके मिश्रा उप महाप्रबंधक पुनर्वास राकेश थपलियाल उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल सहित पुनर्वास से संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
