प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर स्थित खगोल भौतिकी तारामंडल में आईयूसीएए खगोल विज्ञान अनुसंधान एवं विकास केंद्र द्वारा प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों में खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी के प्रति रुचि और जिज्ञासा विकसित करने के उद्देश्य से ‘एस्ट्रोक्राफ्ट जूनियर प्रथम’ एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला विश्वविद्यालय के जनसंपर्क एवं जनजागरूकता कार्यक्रम की महत्वपूर्ण पहल के रूप में आयोजित की गई। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह ने कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। एस्ट्रोक्राफ्ट जूनियर प्रथम’ इस श्रृंखला का पहला कार्यक्रम था। इसके अंतर्गत विभिन्न आयु एवं शैक्षणिक स्तरों के विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी की मूल अवधारणाओं से परिचित कराने के लिए भविष्य में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस श्रृंखला में प्राथमिक जूनियर एवं हाईस्कूल स्तर के विद्यार्थियों के साथ-साथ अंतरविद्यालयी स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों के लिए भी विभिन्न गतिविधियां प्रस्तावित हैं। कार्यशाला में प्रशिक्षक आशीष कांडपाल ने विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी की मूलभूत अवधारणाएं सरल रोचक एवं गतिविधि आधारित तरीके से समझाई गईं। खगोल भौतिकी तारामंडल में सीखने के अनुभव के साथ विद्यार्थियों ने खगोल विज्ञान से संबंधित हस्तशिल्प गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इससे विद्यार्थियों को विज्ञान को रचनात्मक एवं व्यावहारिक ढंग से समझने का अवसर मिला। कार्यशाला के सफल आयोजन में भौतिकी विभाग के संकाय सदस्यों एवं शोधार्थियों का सक्रिय सहयोग रहा। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो.टीसी उपाध्याय आईयूसीएए खगोल विज्ञान अनुसंधान एवं विकास केंद्र के संयोजक प्रो.हेमवती नंदन डॉ.शुभ्रा काला डॉ.संजय उपाध्याय डॉ.सुनील कुमार डॉ.विवेक शर्मा एवं डॉ.आशीष बहुगुणा सहित विभाग के शोधार्थी उपस्थित रहे। संकाय सदस्यों एवं शोधार्थियों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा उन्हें खगोल विज्ञान से संबंधित जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। आईयूसीएए खगोल विज्ञान अनुसंधान एवं विकास केंद्र एवं भौतिकी विभाग की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने के साथ ही उन्हें खगोल विज्ञान एवं खगोल भौतिकी जैसे विषयों से प्रारंभिक स्तर पर जोड़ना है। यह पहल विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर विज्ञान को समझने और अनुभव करने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान कर रही है।
