प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में आयोजित सात दिवसीय संस्कृत सप्ताह महोत्सव-2026 के अंतर्गत 3 सितंबर 2026 को तृतीय दिवस का कार्यक्रम प्रातः 11 बजे सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद वैदिक एवं लौकिक मंगलाचरण तथा विद्यार्थियों द्वारा सुमधुर संस्कृत गीतिका की प्रस्तुति दी गई। डॉ.विश्वेश वाग्मी ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत कर सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता शिक्षाशास्त्र विभाग के डॉ.अमरजीत सिंह रहे। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा में संस्कृत भाषा के अतुलनीय योगदान और इसकी प्रासंगिकता पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो.मञ्जुला राणा ने की। उन्होंने संस्कृत को समस्त भारतीय भाषाओं की जननी बताया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत विद्यार्थियों ने एकल गीत प्रस्तुत किया। इसके साथ ही अजाविक्रयणम् नाटक का जीवंत मंचन किया गया तथा नीतिपरक सुभाषित श्लोकों का सस्वर पाठ किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ.प्रीति ने किया। अंत में डॉ.बालकृष्ण बंधानी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इसके पश्चात ध्येय मंत्र एवं शांतिपाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
