Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। ग्रामसभा पैडुल में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के मेगा अभियान के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक सेवा केंद्र की स्थापना की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाज़िश कलीम ने केंद्र का उद्घाटन किया। केंद्र के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को अब गांव में ही निःशुल्क विधिक सहायता और कानूनी परामर्श उपलब्ध हो सकेगा। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया उनके विधिक अधिकारों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के मेगा अभियान का उद्देश्य विधिक सेवाओं को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना है ताकि आर्थिक अथवा अन्य कारणों से कानूनी सहायता प्राप्त करने में असमर्थ पात्र लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही आवश्यकता के अनुसार कानूनी सलाह एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। केंद्र की स्थापना से ग्रामीणों को छोटी-छोटी कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक आने की आवश्यकता भी कम होगी। इसके साथ ही पात्र लोगों को विभिन्न विधिक योजनाओं से जोड़ने और जरूरतमंदों को समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में ज्येष्ठ उप प्रमुख पौड़ी अर्चना तोपाल रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत ग्राम प्रधान पैडुल रीमू देवी ग्राम प्रधान मोल्ठी हरेन्द्र सिंह अधिकार मित्र सावित्री रावत सोनम ममगाईं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *