प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के दो शिक्षा अधिकारियों को शैक्षिक प्रशासन में नवाचार और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान की ओर से आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चड़ीगांव के प्राचार्य स्वराज सिंह तोमर तथा खंड शिक्षा अधिकारी बीरोंखाल वर्षा भारद्वाज को यह सम्मान प्रदान किया गया। नई दिल्ली के अकादमिक भवन में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व एनसीईआरटी निदेशक एवं पद्मश्री से सम्मानित प्रो.जेएस राजपूत ने दोनों अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। यह सम्मान शिक्षा प्रशासन में जमीनी स्तर पर किए गए उल्लेखनीय नवाचारों प्रभावी कार्यप्रणाली तथा शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए दिया गया। राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान की ओर से दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन 2 और 3 सितंबर को नई दिल्ली के अकादमिक भवन में किया गया। सम्मेलन में देशभर से 84 जिला एवं विकासखंड स्तरीय शिक्षा अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। सम्मेलन का उद्देश्य शिक्षा प्रशासन में जमीनी स्तर पर किए जा रहे नवाचारों को साझा करना उनकी प्रभावशीलता को सामने लाना तथा बेहतर कार्यप्रणालियों को प्रोत्साहित करना रहा। उत्तराखंड के छह जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों में जनपद पौड़ी के दो अधिकारियों का चयन राष्ट्रीय सम्मान के लिए होना जिले के लिए गौरव की बात है। यह उपलब्धि शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों को भी रेखांकित करती है। इन प्रयासों में विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार करने शिक्षक क्षमता को सुदृढ़ करने तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शिक्षा की गुणवत्ता और शैक्षिक प्रशासन को सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को इस राष्ट्रीय पहचान से बल मिला है।
