प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। लम्बगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 16 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब का परिवहन कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त डैटसन गो कार को भी कब्जे में लिया है। पुलिस मुख्यालय देहरादून द्वारा अवैध मादक पदार्थों और नशीले पदार्थों की तस्करी के साथ ही अवैध शराब जुआ-सट्टा आदि के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के क्रम में टिहरी गढ़वाल पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद पुलिस को नशा तस्करों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के सफल संचालन के लिए जनपद के सभी कोतवाली प्रभारियों और थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में थानाध्यक्ष लम्बगांव ने थाना क्षेत्र में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग के निर्देश दिए। 03 सितंबर 2026 को लम्बगांव थाना पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक डैटसन गो कार को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से अवैध रूप से परिवहन की जा रही कुल 16 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से वाहन चालक नीरज पुत्र ओमपाल निवासी एमटी-288 कोटी कॉलोनी नई टिहरी टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शराब के परिवहन में प्रयुक्त डैटसन गो कार को भी कब्जे में ले लिया। बरामद शराब के मामले में आरोपी के खिलाफ लम्बगांव थाने में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बरामदगी में 16 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और घटना में प्रयुक्त डैटसन गो कार शामिल है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जगजीत सिंह अपर उपनिरीक्षक आनंद सिंह और हेड कांस्टेबल हर्षपाल सिंह शामिल रहे। टिहरी पुलिस का ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध शराब और नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
