प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल में लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम और पशुपालकों को बीमारी के प्रति जागरूक करने के लिए पशुपालन विभाग का जागरूकता अभियान जारी है। अभियान के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता शिविर आयोजित कर पशुपालकों को बीमारी के लक्षण बचाव और रोकथाम के उपायों की जानकारी दी जा रही है। इसी क्रम में राजकीय पशु चिकित्सालय श्रीनगर के अंतर्गत ग्राम उफल्डा में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पशुपालकों और ग्रामीणों को लम्पी स्किन डिजीज के प्रति सजग रहने तथा बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करने की जानकारी दी गई। शिविर में कुल 25 पशुपालकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 20 पशुओं के लिए आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। शिविर के दौरान पशु आवासों और आसपास के क्षेत्रों में फॉगिंग के साथ दवा का छिड़काव भी किया गया। इसके माध्यम से मक्खी मच्छर और अन्य वाहक कीटों से पशुओं को बचाने के उपाय किए गए। विभाग की ओर से पशुपालकों को बताया गया कि पशुओं में तेज बुखार त्वचा पर सूजन एवं गांठें भूख और चारा खाने में कमी दूध उत्पादन में कमी पैरों में सूजन तथा मुंह से लार निकलना लम्पी स्किन डिजीज के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर प्रभावित पशु को अन्य पशुओं से अलग रखने की सलाह दी गई। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.विशाल शर्मा ने पशुपालकों से गौशालाओं और पशु आवासों को साफ-सुथरा रखने रोगी पशु के लिए चारा-पानी की अलग व्यवस्था करने तथा मक्खी मच्छर और अन्य कीटों की रोकथाम के लिए नियमित रूप से आवश्यक उपाय अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पशुओं में किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए नजदीकी पशु चिकित्सालय से संपर्क किया जाए। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने स्पष्ट किया कि लम्पी स्किन डिजीज पशुओं में होने वाला रोग है और यह मनुष्यों में नहीं फैलता है। उन्होंने पशुपालकों से घबराने के बजाय सजग रहने तथा सही जानकारी और समय पर उपचार के माध्यम से बीमारी की रोकथाम में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि पशुपालक अधिक जानकारी और पशु चिकित्सा सहायता के लिए अपने नजदीकी पशु चिकित्सालय अथवा विभागीय टोल फ्री नंबर 1962 पर संपर्क कर सकते हैं। शिविर में पार्षद नरेंद्र सिंह रावत पशु चिकित्साधिकारी डॉ.दिव्या नेगी और वैक्सीनेटर आनंद सिंह नेगी उपस्थित रहे।
