प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल में गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और उनकी सकुशल बरामदगी के लिए चलाए जा रहे प्रयासों के तहत कोटद्वार पुलिस ने डेढ़ वर्ष से अधिक समय से लापता युवती को सहारनपुर से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल सर्वेश पंवार के निर्देशों पर पुलिस ने इस मामले को प्राथमिकता से लेते हुए युवती की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए। दिनांक 20 जनवरी 2025 को कोटद्वार निवासी एक महिला ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी 24 वर्षीय पुत्री 14 जनवरी 2025 को घर से बिना बताए कहीं चली गई है और अभी तक वापस नहीं लौटी है। शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में युवती की गुमशुदगी दर्ज की गई। पुलिस ने युवती की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए। जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट पौड़ी गढ़वाल के माध्यम से जानकारी साझा की गई। युवती की तलाश के लिए पंपलेट प्रसारित किए गए और विभिन्न स्थानों पर खोजबीन की गई लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर युवती की तलाश दोबारा शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल ने लंबित गुमशुदगी के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी और पतारसी करते हुए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। पुलिस के निरंतर प्रयासों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 24 अक्टूबर 2026 को युवती को सहारनपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार युवती का सहारनपुर निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग था जिसके चलते वह घर से बिना बताए चली गई थी। युवती ने उक्त युवक से शादी कर ली थी और उसके परिवार के साथ रह रही थी। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और काउंसलिंग पूरी करने के बाद युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। युवती की सकुशल बरामदगी में उपनिरीक्षक राजा राम डोभाल और हेड कांस्टेबल देवेंद्र भट्ट सहित कांस्टेबल रविंद्र भट्ट तथा महिला कांस्टेबल नेहा रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
