Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी गढ़वाल में विधानसभा निर्वाचक नामावली के एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदेय स्थलों के युक्तिकरण और पुनर्निर्धारण को लेकर बैठक आयोजित की गई। छतरीधार स्थित ईवीएम वेयरहाउस परिसर में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पीआर चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा मतदेय स्थलों के स्थलीय सत्यापन के बाद संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के माध्यम से प्राप्त मतदेय स्थलों के संशोधन और भवन परिवर्तन संबंधी प्रस्तावों पर चर्चा की गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया कि मतदेय स्थलों से संबंधित प्रस्ताव निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार किए गए हैं। इन प्रस्तावों को अनुमोदन के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड के कार्यालय को प्रेषित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद ही मतदेय स्थलों में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। इसके साथ ही मतदेय स्थलों की सूची सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी साझा की जाएगी। मतदेय स्थलों के युक्तिकरण और संशोधन से संबंधित प्रस्तावों की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के अंतर्गत पूरी की जाएगी। बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शांतिलाल शाह और राजनीतिक दलों के नोडल अधिकारी मास्टर आदर्श सहित भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि क्रांत किशोर और राजेंद्र रावत तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधि भरत सिंह रावत और सीपीआईएम के प्रतिनिधि आयुष कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *