श्रीनगर गढ़वाल। सामाजिक संस्था भागीरथी कला संगम की ओर से आज श्रीनगर में बिजली विभाग कार्यालय के पास स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान क्षेत्र में उगी बड़ी-बड़ी झाड़ियों की सफाई की गई। झाड़ियों के कारण बाघ और अन्य जंगली जानवरों के छिपे रहने का भय बना रहता है। श्रीनगर नगर निगम के संस्था ब्रांड एंबेसडर राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल ने कहा कि स्वच्छता के प्रति स्वयं जागरूक होने के साथ ही प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हाइडिल कार्यालय के पास खाली जगह पर कूड़ा पड़ा हुआ था और बड़ी-बड़ी झाड़ियां उगी हुई थीं। इस रास्ते से लगभग हर दिन कई लोग गुजरते हैं लेकिन अधिकतर लोग केवल अपने काम से मतलब रखते हैं और यह नहीं सोचते कि समाज के लिए भी थोड़ा कार्य किया जाए तो कितना अच्छा होगा। रास्ते पर झाड़ियों के साथ-साथ जगह-जगह प्लास्टिक के रैपर शराब की बोतलें और अन्य प्रकार का कूड़ा-करकट पड़ा हुआ था। उन्होंने कहा कि यदि रास्ते से गुजरने वाले राहगीर भी कभी-कभी स्वच्छता के प्रति अपना योगदान दें तो वहां या अन्य जगहों पर कूड़ा इकट्ठा नहीं होगा। हमें अपने व्यक्तिगत कार्यों के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की आदत भी डालनी चाहिए। इस मौके पर संस्था के मुख्य संरक्षक रमेश थपलियाल संरक्षक यमुना प्रसाद काला उपाध्यक्ष मुकेश नौटियाल कोषाध्यक्ष हरेंद्र तोमर और अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद बर्थवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
