प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। सिद्धपीठ कुरुड़ में आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक एवं पर्यटन मेले के समापन अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार कुरुड़ पहुंचे। अधिकारियों ने कार्यक्रम के समापन में प्रतिभाग करने के साथ ही सिद्धपीठ में मां नन्दा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान प्रचलित राजराजेश्वरी मां नन्दा जात यात्रा के सुव्यवस्थित संचालन और यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भीड़ प्रबंधन तथा मेले से संबंधित व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक कार्मिकों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके पश्चात जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ग्राम सभा चरबंग के सिलवाणी पहुंचे। यहां उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट के साथ मां नन्दा के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर मां नन्दा का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने और यात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से निरंतर कार्य किया जा रहा है। यात्रा एवं मेले के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों और कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र रावत नायब तहसीलदार राकेश देवली सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
