प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। कीर्तिनगर ब्लॉक के मलेथा के पास स्थित सिरोला गांव में बकरी का मांस खाने के बाद दो दर्जन से अधिक लोगों के बीमार पड़ने का मामला सामने आया है। अचानक बड़ी संख्या में ग्रामीणों के बीमार होने से गांव में हड़कंप मच गया। बीमार लोगों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि गांव में एक बकरी की मौत हो गई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने उसका मांस पकाकर खा लिया। मांस खाने के कुछ समय बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। लोगों में उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत सामने आई जबकि बच्चों में डायरिया के लक्षण पाए गए। इसके बाद परिजन बीमार लोगों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में ले गए। बेस अस्पताल के बाल रोग विभाग में बच्चों को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। चिकित्सक डॉ.अजय गोस्वामी ने सलाह दी है कि किसी पशु की बीमारी या संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने पर उसके मांस का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए। ऐसे मांस में हानिकारक बैक्टीरिया या अन्य संक्रमणकारी तत्व हो सकते हैं जो पकाने के बाद भी स्वास्थ्य के लिए जोखिम पैदा कर सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों बुजुर्गों और कमजोर स्वास्थ्य वाले लोगों को ऐसे मांस के सेवन से पूरी तरह परहेज करने की सलाह दी है। यदि मांस खाने के बाद उल्टी दस्त पेट दर्द बुखार कमजोरी या डिहाइड्रेशन जैसे लक्षण दिखाई दें तो घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर मरीज को अस्पताल ले जाना जरूरी है। खासकर छोटे बच्चों में डिहाइड्रेशन तेजी से गंभीर रूप ले सकता है।
