Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। राज्य सरकार द्वारा संचालित जल संरक्षण अभियान के अंतर्गत स्प्रिंग एवं रिवर रेजुवेनेशन अथॉरिटी की जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला स्तरीय कार्यकारी समिति के उपाध्यक्ष डॉ.ललित नारायण मिश्र ने की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न विकासखंडों की जल संरक्षण से संबंधित कार्ययोजनाओं पर चर्चा की गई और प्रस्तुत योजनाओं को समिति ने सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की। बैठक में विभिन्न विकासखंडों द्वारा जल संरक्षण से संबंधित कार्ययोजनाएं प्रस्तुत की गईं। विकासखंड भगवानपुर ने 181.65 लाख रुपये बहादराबाद ने 95.08 लाख रुपये लक्सर ने 36.98 लाख रुपये रुड़की ने 70.65 लाख रुपये तथा नारसन ने 65.15 लाख रुपये की कार्ययोजना प्रस्तुत की। इन कार्ययोजनाओं में तालाब निर्माण एवं पुनरोद्धार, रिचार्ज पिट निर्माण वृक्षारोपण सहित जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्य शामिल हैं। इन विकासखंडों की कुल 449.51 लाख रुपये की कार्ययोजना को स्वीकृति प्रदान की गई। लघु सिंचाई विभाग हरिद्वार द्वारा भूजल संरक्षण के लिए 63 रिचार्ज शाफ्ट के निर्माण हेतु 331.15 लाख रुपये तथा छह तालाबों के निर्माण एवं पुनरोद्धार के लिए 197.40 लाख रुपये की कार्ययोजना प्रस्तावित की गई। विभिन्न विभागों की ओर से प्रस्तुत जल संरक्षण संबंधी कार्ययोजनाओं को जिला स्तरीय कार्यकारी समिति ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने ‘एक जनपद एक नदी’ अभियान के अंतर्गत पथरी रौ नदी से संबंधित कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जल संरक्षण के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए विभागीय योजनाओं के बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाए ताकि जल स्रोतों के संरक्षण और भूजल संवर्धन को गति मिल सके। बैठक में सदस्य सचिव एवं नोडल अधिकारी स्प्रिंग एवं रिवर रेजुवेनेशन अथॉरिटी तथा अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई खंड हरिद्वार भरत राम सहित संबंधित रेखीय विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *