प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। न्यायालय से जारी वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने और वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन संबंधित क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षकों के नेतृत्व में कोतवाली देवप्रयाग तथा कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश और तलाश अभियान चलाकर दो वांछित वारंटियों को गिरफ्तार किया। कोतवाली देवप्रयाग पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के अनुपालन में वारंटी रोहित पुत्र विनोद सिंह निवासी पीठ बाजार कोतवाली ज्वालापुर जनपद हरिद्वार उम्र 26 वर्ष को हरिद्वार से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम वारंटी की गिरफ्तारी के लिए लगातार सुरागरसी-पतारसी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र के पीठ बाजार हरिद्वार में दबिश दी। यहां से रोहित को 5 सितंबर 2026 को सुबह 8:45 बजे नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार वारंटी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। वहीं कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस ने न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट कीर्तिनगर टिहरी गढ़वाल से जारी गैर-जमानती वारंट के अनुपालन में वांछित वारंटी संजय सिंह पुत्र चन्द्रमा सिंह निवासी मढ़ी पुल चौरास थाना कीर्तिनगर जनपद टिहरी गढ़वाल उम्र 45 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार संजय सिंह के विरुद्ध 4 सितंबर 2026 को न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट कीर्तिनगर द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। वारंट की तामील के लिए कीर्तिनगर पुलिस टीम द्वारा लगातार वारंटी की तलाश करने के साथ ही उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। अथक प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने संजय सिंह को मंगसू पुल के पास चौरास कीर्तिनगर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार वारंटी का नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराया गया तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय से जारी वारंटों की प्रभावी तामील उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है और वांछित वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली देवप्रयाग के अपर उपनिरीक्षक योगेंद्र शर्मा और कांस्टेबल रजनीश शर्मा शामिल रहे।
