प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन पौड़ी में पुलिस परिवार की ओर से भव्य एवं रंगारंग जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था पारिवारिक आत्मीयता उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और सामूहिक उल्लास के इस सुंदर संगम में पुलिस परिवार के बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और आयोजन को यादगार बनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार एवं नेहा पंवार ने दीप प्रज्वलित कर किया। दीप प्रज्वलन के साथ ही रिजर्व पुलिस लाइन परिसर भक्तिमय वातावरण और श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंज उठा। इसके बाद भजन संध्या एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ। पुलिस परिवार के बच्चों तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता के विविध रंग प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक साहब सिंह रमोला एवं आकांक्षा रमोला सहित कलाकारों की टीम द्वारा प्रस्तुत गढ़वाली एवं कुमाऊंनी लोकगीत और लोकनृत्य रहे। लोक संस्कृति की मिठास से सजी इन प्रस्तुतियों ने वातावरण में नई ऊर्जा और उल्लास भर दिया। कलाकारों की सजीव प्रस्तुतियों और मधुर लोकधुनों पर पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उनके परिजन और उपस्थित दर्शक झूमते नजर आए। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन स्थित मंदिर परिसर में पुलिस लाइन परिवार की ओर से विशेष रूप से सजाई गई झांकी भी श्रद्धालुओं और दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही। झांकी ने सभी का मन मोह लिया। यह आयोजन पुलिस परिवार के लिए केवल धार्मिक उत्सव तक सीमित नहीं रहा बल्कि कर्तव्य और जिम्मेदारियों से भरे पुलिस जीवन के बीच परिवार के साथ खुशियां साझा करने आपसी आत्मीयता को मजबूत करने और बच्चों एवं परिवारजनों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का विशेष अवसर भी बना। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों पत्रकारों कलाकारों पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों और उनके परिवारजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। साथ ही पुलिस परिवार की सामूहिक सहभागिता और कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी प्रतिभागियों की सराहना की। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला क्षेत्राधिकारी पौड़ी तपेश कुमार चन्द क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता मंमगाई मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र खाती सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी पुलिस परिवार के सदस्य तथा बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियां बच्चों की खिलखिलाहट पहाड़ की लोकधुनों की मिठास और पुलिस परिवार का अपनापन इन सभी रंगों से सजी शाम ने पुलिस लाइन पौड़ी में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को एक अविस्मरणीय एवं भावपूर्ण उत्सव बना दिया।
