Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। दिनांक 4 सितंबर 2026 को पुलिस लाइन गोपेश्वर सहित जनपद चमोली के सभी थाना चौकियों और फायर स्टेशनों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े हर्षोल्लास श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के दिशा-निर्देशन में पुलिस लाइन गोपेश्वर मैदान में आयोजित मुख्य जन्माष्टमी समारोह में पुलिस परिवार के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत और अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही पूरा वातावरण कृष्ण भक्ति से सराबोर हो गया। भारी बारिश के बावजूद पुलिस मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा और लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बारिश की बूंदें लगातार बरसती रहीं लेकिन कान्हा के जन्मोत्सव का उत्साह कम नहीं हुआ। सांस्कृतिक संध्या में नन्हे-नन्हे बाल कलाकार कान्हा के रूप में मंच पर उतरे। किसी के हाथ में बांसुरी थी तो किसी के सिर पर मोरपंखी मुकुट। मासूम चेहरे नन्ही अदाएं और कृष्ण की वेशभूषा में सजे बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं और स्थानीय कलाकारों ने गढ़वाली एवं कुमाऊंनी लोकनृत्य भजन नाटक हास्य प्रस्तुतियों तथा देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए। हर प्रस्तुति ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की नई झलक पेश की। पहाड़ी लोकधुनों पर कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने पुलिस मैदान में मौजूद दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं हास्य कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों के चेहरों पर खूब मुस्कान बिखेरी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक विवेक नौटियाल अमित खरे और प्रतीक्षा बमराड़ा रहे। अपनी मधुर आवाज और शानदार प्रस्तुतियों से इन कलाकारों ने पुलिस मैदान में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोकगायक विवेक नौटियाल ने ‘द्यो लागी रुप कू मंतर’ ‘ओ टू वा बै’ और ‘रोहडू जाणा मेरी अमिये’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियां दीं। पहाड़ी गीतों की धुन शुरू होते ही दर्शक उत्साह से झूम उठे और पूरे मैदान में उल्लास का माहौल बन गया। कार्यक्रम का सबसे भावुक और आध्यात्मिक क्षण रात्रि 12 बजे आया जब भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का समय हुआ। जैसे ही घड़ी की सुइयां मध्यरात्रि पर पहुंचीं पूरा पुलिस मैदान ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ और ‘जय श्री कृष्ण’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं और पुलिस परिवार ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया। जन्माष्टमी के अवसर पर जनपद चमोली के सभी थानों फायर स्टेशनों और पुलिस लाइन की ओर से आकर्षक झांकियां भी तैयार की गईं। इन्हें देखने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ती रही। प्रत्येक थाना और फायर स्टेशन की ओर से झांकी को आकर्षक एवं रचनात्मक रूप देने के लिए विशेष मेहनत की गई। झांकियों में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक संदेशों को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया जिनकी अधिकारियों और आमजन ने जमकर सराहना की। झांकी प्रतियोगिता में पुलिस लाइन गोपेश्वर ने प्रथम कोतवाली गोपेश्वर ने द्वितीय और थाना गोविन्दघाट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। समारोह में आयोजित बेस्ट कान्हा प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने कान्हा के रूप में अपनी मासूम अदाओं से सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में पल्वित मेहरा पुत्र जगत मेहरा उम्र 2 वर्ष ने प्रथम तन्मय सैनी पुत्र अंकित सैनी उम्र 4 वर्ष ने द्वितीय और सिद्धार्थ भंडारी पुत्र कृष्णा भंडारी उम्र 9 माह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने जनपदवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए पुलिस परिवार की ओर से आयोजित भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना की। भारी बारिश के बावजूद देर रात तक दर्शकों की मौजूदगी और उत्साह ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। पुलिस परिवार के अधिकारियों कर्मचारियों उनके परिजनों स्कूली बच्चों और स्थानीय कलाकारों की मेहनत ने पूरे आयोजन में भक्ति संस्कृति मनोरंजन और सामाजिक एकता के रंग भर दिए। इस दौरान विधायक थराली भूपाल राम टम्टा उपाध्यक्ष वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद हरक सिंह नेगी अध्यक्ष नगर पालिका कर्णप्रयाग गणेश लाल शाह अध्यक्ष नगर पंचायत पीपलकोटी आरती नवानी जिलाधिकारी गौरव कुमार अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश जिला महामंत्री भाजपा अरुण मैठाणी जिला पंचायत सदस्य विपिन फर्स्वाण जिला पंचायत सदस्य संतोषी पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा आरएसएस के विभाग प्रचारक मनोज प्रदेश सहसंयोजक व्यापार प्रकोष्ठ अतुल शाह सहित जनपद के अन्य अधिकारी पुलिस परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। चमोली पुलिस परिवार की ओर से सभी जनपदवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *