प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। केंद्रीय विद्यालय नई टिहरी के प्रिंसिपल प्रदीप थपलियाल ने अनिद्रा और तनाव की समस्या के समाधान के लिए जिला अस्पताल नई टिहरी में संचालित आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं से संपर्क किया। समस्या को देखते हुए वरिष्ठ चिकित्सक डॉ.सिद्धी मिश्रा ने उनका परीक्षण और स्वास्थ्य मूल्यांकन किया। इस दौरान आवश्यक परामर्श देते हुए उचित उपचार की जानकारी दी गई। चिकित्सकीय परामर्श के बाद प्रदीप थपलियाल ने जिला अस्पताल के आयुर्वेदिक विंग में पंचकर्म एवं शिरोधारा की सेवाएं लीं। नियमित उपचार और निर्धारित प्रक्रिया के बाद उन्होंने अपनी समस्या में काफी राहत महसूस की। उन्होंने बताया कि उपचार के बाद उनकी नींद में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और अब उन्हें बेहतर एवं नियमित नींद आने लगी है। इसके साथ ही तनाव और बेचैनी में भी कमी महसूस हो रही है। प्रदीप थपलियाल ने जिला अस्पताल के आयुर्वेदिक विंग के चिकित्सकों पैरामेडिकल स्टाफ और समस्त कर्मचारियों के व्यवहार एवं सेवाओं की सराहना की। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध उपकरणों उपचार सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही सेवाओं को बेहतर बताते हुए चिकित्सकों एवं स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही पंचकर्म एवं शिरोधारा जैसी सेवाएं लोगों के लिए उपयोगी हैं और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। जिला अस्पताल की आयुर्वेदिक सेवाएं परंपरागत चिकित्सा पद्धति के साथ बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में एक प्रभावी पहल के रूप में कार्य कर रही हैं।
