प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। शिक्षा पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दयानंद कन्या इंटर कॉलेज सुभाष नगर देहरादून की प्रधानाचार्य डॉ.अनीता नैथानी का प्रतिष्ठित स्पर्श गंगा शिक्षाश्री पुरस्कार–2026 के लिए चयन किया गया है। हिमालयन रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा प्रदान किए जाने वाले इस सम्मान के लिए उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे शिक्षाविदों एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों का चयन किया गया है। प्रेस रिपोर्ट के अनुसार डॉ.अनीता नैथानी सहित चयनित विभूतियों को 17 दिसंबर 2026 को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय हल्द्वानी में आयोजित होने वाले स्पर्श गंगा दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा। डॉ.अनीता नैथानी लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करते हुए पर्यावरण एवं गंगा संरक्षण सामाजिक जागरूकता तथा समाज कल्याण से जुड़े कार्यों के प्रति सक्रिय एवं प्रतिबद्ध रही हैं। उनके चयन को शिक्षा जगत में उनके समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता की महत्वपूर्ण पहचान के रूप में देखा जा रहा है। स्पर्श गंगा शिक्षाश्री पुरस्कार–2026 के अंतर्गत चयनित शिक्षाविदों को सम्मान-पत्र के साथ 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान किए जाने की भी जानकारी दी गई है। डॉ.अनीता नैथानी के इस सम्मान के लिए चयनित होने पर दयानंद कन्या इंटर कॉलेज सुभाष नगर देहरादून के शिक्षकों कर्मचारियों छात्राओं एवं अभिभावकों में हर्ष का वातावरण है। विद्यालय परिवार ने इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए डॉ.नैथानी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। यह सम्मान न केवल डॉ.अनीता नैथानी के व्यक्तिगत योगदान को सम्मानित करता है बल्कि शिक्षा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण गंगा संरक्षण और सामाजिक चेतना को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी प्रोत्साहित करता है।
