Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद सामने आए कथित ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी महानगर देहरादून की ओर से सोमवार को सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना एवं मार्च आयोजित किया गया। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की कथित विघटनकारी राजनीति के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सामाजिक एकता राष्ट्रवाद और संविधान के मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी और उसके कथित नेता पूरे मामले को राजनीतिक रंग देकर समाज में जातीय विभाजन पैदा करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे इस विषय को लेकर लगातार बयानबाजी कर रहे हैं और इसे जातीय भेदभाव से जोड़कर समाज में भ्रम एवं तनाव पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड में जिस राजनीतिक जमीन को तलाश रही है यहां की जनता पहले ही कांग्रेस और उसके नेताओं को बाहर का रास्ता दिखा चुकी है। उन्होंने कहा कि जातीय भेदभाव को तोड़-मरोड़कर समाज को बांटने का कितना भी प्रयास किया जाए उत्तराखंड की जनता का भाजपा पर भरोसा कायम है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए बड़ी संख्या में उपस्थित होने के लिए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी की घटना के बाद कथित अनुष्ठान को लेकर अलग-अलग पक्षों की ओर से दावे किए गए हैं। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविकता सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन ने रैली के दौरान लगाए गए कथित नारों और की गई टिप्पणियों को अपने आयोजन का कारण बताया था। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी समाज के सभी वर्गों के सम्मान सामाजिक समरसता और समानता के लिए प्रतिबद्ध है। राजनीतिक लाभ के लिए जाति और समाज को बांटने की राजनीति को जनता स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस को संवेदनशील विषयों पर राजनीति करने के बजाय तथ्यों और संवैधानिक मर्यादाओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश के सभी महापुरुषों का लगातार सम्मान किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने डॉ.भीमराव आंबेडकर के सम्मान में पंच तीर्थ के रूप में पांच स्थानों को स्थापित किया है जो समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं। रेखा आर्य ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से सवाल करते हुए कहा कि प्रत्येक विवादित घटना को जातीय चश्मे से देखने के बजाय पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता शांतिप्रिय है और किसी भी राजनीतिक दल को जातीय एवं सामाजिक भावनाओं को भड़काने की अनुमति नहीं दी जा सकती। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अनुसूचित जाति के नेता और दर्जाधारी राज्य मंत्री सुरेंद्र मोगा ने भी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता में बने रहने के लिए लगातार जातीय राजनीति करती रही है और पूर्व में भी लोगों को जातीय भेदभाव में बांटकर राजनीतिक लाभ लेने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि आज की जनता इन बातों को समझ चुकी है और वह ऐसी राजनीति के बहकावे में आने वाली नहीं है। सुरेंद्र मोगा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए लगातार काम कर रही है और सर्व समाज को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहब डॉ.भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली महू मध्य प्रदेश को राष्ट्रीय स्मारक के रूप में विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बाबा साहब के नाम पर पंच तीर्थ दिए हैं। भाजपा उत्तराखंड में सबका साथ सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जाति के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति नहीं बल्कि सामाजिक समरसता और सभी के सम्मान की भावना ही उत्तराखंड की पहचान है। आक्रोश रैली में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी धर्मपुर विधायक विनोद चमोली कैंट विधायक सविता कपूर महानगर महापौर सौरभ थपलियाल दर्जाधारी राज्य मंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला अनिल गोयल सुरेंद्र मोगा विनोद उनियाल पुनीत मित्तल डॉ.देवेंद्र भसीन सुनील उनियाल गामा ज्योति कोटिया अभिषेक शाही विशाल गुप्ता रितु मित्रा मुकेश राष्ट्रवादी कमलेश रमन दयाराम राजीव रजौली मनोज जाटव रेणु देवी विशाल कुमार शुभम कुमार आदित्य नायर वंशिका योगेश घागट महानगर उपाध्यक्ष राजेंद्र ढिल्लों सुनील शर्मा संकेत नौटियाल ओम कक्कड़ राजेश कंबोज मोहित शर्मा जगदीश सेमवाल समीर डोभाल तृप्ता जाटव विनोद शर्मा प्रदीप कुमार महिपाल और संदीप बिजलवान सहित महानगर के पदाधिकारी पार्षद एवं मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *