Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।जनपद में चल रही श्री केदारनाथ धाम यात्रा का तीसरा चरण शुरू हो गया है और लगातार श्रद्धालुओं का धाम में आगमन हो रहा है। यात्रा को सुगम सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस लगातार मुस्तैदी से ड्यूटी कर रही है। इसी दौरान पुलिस जवानों ने दो श्रद्धालुओं की मदद कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। दिल्ली निवासी श्रद्धालु चन्द्रगुप्त का मंदिर के अंदर पर्स गुम हो गया था। पर्स में आठ हजार रुपये की नकदी के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण कागजात थे। रुद्रप्रयाग पुलिस के जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए पर्स को सकुशल बरामद कर श्रद्धालु चन्द्रगुप्त को वापस सौंप दिया। पर्स मिलने पर श्रद्धालु ने रुद्रप्रयाग पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया। वहीं श्री केदारनाथ यात्रा पर आई एक बुजुर्ग महिला श्रद्धालु अपने परिवार से बिछड़ गई थी। पुलिस जवानों ने अथक प्रयास करते हुए महिला श्रद्धालु को उसके परिजनों से मिलवा दिया। अपनों से दोबारा मिलकर श्रद्धालुओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर उनकी हरसंभव सहायता की जा रही है जिससे केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने में मदद मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *