प्रदीप कुमार
कोटद्वार/पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। नकली सोने के आभूषण देकर आठ लाख रुपये की ठगी के मामले में फरार चल रहे दो हजार रुपये के इनामी अभियुक्त नीरज को कोटद्वार पुलिस ने राजस्थान के अलवर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना से संबंधित एक तोला सोना भी बरामद किया है। इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार तीन अभियुक्तों के कब्जे से छह लाख रुपये नगद और पीली धातु की चार चेन बरामद की जा चुकी हैं। जानकारी के अनुसार 19 जुलाई 2026 को जौनपुर कोटद्वार निवासी विभाष अग्रवाल ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 22 मार्च 2026 को रघुवीर नाम का व्यक्ति उनके पास आया और स्वयं को कोटद्वार निवासी बताते हुए आर्थिक आवश्यकता की बात कही। उसने अपनी एक अंगूठी गिरवी रखकर उनसे 25 हजार रुपये उधार लिए थे। कुछ समय बाद उक्त व्यक्ति ने धनराशि वापस कर अंगूठी प्राप्त कर ली। इसके बाद छह जुलाई 2026 को रघुवीर अपने एक साथी के साथ दोबारा वादी की दुकान पर पहुंचा। उसने अपनी पुत्री के विवाह के लिए धनराशि की आवश्यकता बताते हुए कुछ सोने के पेंडल देकर उनके बदले तैयार आभूषण और नगद धनराशि देने का अनुरोध किया। पूर्व में कई बार लेन-देन होने के कारण वादी का रघुवीर पर विश्वास था। इसी विश्वास का फायदा उठाकर वादी ने उसे कुछ आभूषण और आठ लाख रुपये नगद दे दिए। बाद में आभूषणों की जांच कराने पर उनके सोने के न होकर नकली होने की पुष्टि हुई। इसके बाद वादी ने रघुवीर से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में ठगी का अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटना के अनावरण के लिए गठित पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 21 जुलाई 2026 को राजस्थान निवासी रघुवीर नायक विक्रम भोपा और बलवीर नायक को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से छह लाख रुपये नगद और पीली धातु की चार चेन बरामद हुई थीं। मामले में शामिल नीरज घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम द्वारा उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस की सतत मेहनत सटीक सूचना बेहतर आपसी समन्वय और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस टीम ने राजस्थान निवासी नीरज को अलवर से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से ठगी की घटना से संबंधित एक तोला सोना बरामद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त नीरज पुत्र हजारी भोपा निवासी पृथ्वीपुरा खेड़ा जिला अलवर राजस्थान है। इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार रघुवीर नायक उम्र 50 वर्ष पुत्र स्वर्गीय सोहन लाल विक्रम भोपा उम्र 35 वर्ष पुत्र हजारी भोपा और बलवीर नायक उम्र 30 वर्ष पुत्र हजारी लाला भोपा सभी निवासी पृथ्वीपुरा खेड़ा जिला अलवर राजस्थान हैं। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक शशीभूषण जोशी उपनिरीक्षक रंजीत तोमर सीआईयू प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद चपराना अपर उपनिरीक्षक एहसान अली सीआईयू हेड कांस्टेबल करण कुमार और आरक्षी अवनीश कुमार सीआईयू शामिल रहे।
