प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती के अवसर पर विकास भवन सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में पंडित पंत के योगदान राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका तथा समाज और देश के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित वीडियो का भी प्रदर्शन किया गया। इसके माध्यम से उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके जीवन संघर्ष स्वतंत्रता संग्राम में योगदान तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया गया। इस अवसर पर पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र जिला पंचायतराज अधिकारी जितेंद्र कुमार मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.विशाल शर्मा जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
