Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की नई तिथि तथा फॉर्म 6, 7 और 8 के निस्तारण सहित पुनरीक्षण कार्य से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया कि जनपद में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पूर्व में 15 सितंबर को होना निर्धारित था जिसकी तिथि अब बढ़ाकर 3 अक्टूबर कर दी गई है। उन्होंने बैठक में फॉर्म 6,7 और 8 के निस्तारण के संबंध में भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विस्तृत जानकारी दी। अपर जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सभी राजनीतिक दलों का पूर्ण सहयोग मिल रहा है। इसके परिणामस्वरूप यह कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि शेष कार्य को भी पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपादित कराया जाएगा। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के कुशल नेतृत्व एवं निर्देशन में जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपादित कराया जा रहा है। बैठक में विधायक पिरान कलियर फुरकान अहमद (कांग्रेस) बालेश्वर सिंह अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी हरिद्वार सुरेश कुमार जिलाध्यक्ष बसपा विधानसभा बीएचईएल रानीपुर हरिद्वार नकली सिंह सैनी जिला कार्यालय प्रभारी भाजपा हरिद्वार तथा साहिल राणा जिला महामंत्री संगठन भाजपा जिला रुड़की ग्रामीण सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *