प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्राविधिक शिक्षा विभाग को 9 कर्मशाला अधीक्षक मिल गए हैं। राज्य लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित इन कर्मशाला अधीक्षकों को विभागीय मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने शुक्रवार को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर डॉ.रावत ने सभी नव नियुक्त कर्मशाला अधीक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से विभागीय कार्यों एवं दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करने की उम्मीद जताई। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास पर प्राविधिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत राज्य लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित 9 कर्मशाला अधीक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें शिवानी पोखरियाल नीलू शिखा वर्मा नवजोत रवि जोशी अरूण तोमर नीरज कुमार डंडरियाल अभिषेक सिंह नेगी तथा नीलमणि शामिल हैं। सभी चयनित अभ्यर्थियों को प्रदेशभर के राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों में नियुक्ति दी गई है। ज्ञइस अवसर पर डॉ.रावत ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने विभागीय कार्यों एवं दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करेंगे। उन्होंने बताया कि राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेजों में कर्मशाला अधीक्षकों की नियुक्ति से विभिन्न इंजीनियरिंग विभागों में कार्यशालाओं का सुचारू संचालन हो सकेगा। इससे छात्र-छात्राओं को बेहतर प्रयोगात्मक प्रशिक्षण मिलेगा और उनमें इंजीनियरिंग की गहरी समझ,कौशल विकास तथा वास्तविक समस्याओं को हल करने की क्षमता विकसित होगी। इस अवसर पर उप सचिव तकनीकी शिक्षा ब्योमकेश दुबे निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज सचिव यूबीटीआर मुकेश पाण्डे संयुक्त निदेशक देवेन्द्र गिरी उप सचिव आईआरडीटी अभिषेक सिंह सहायक सचिव आईआरडीटी सचिन कुमार,सहायक निदेशक प्राविधिक शिक्षा सचिन भारती सहित अन्य विभागीय अधिकारी नव नियुक्त अभ्यर्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
