प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सौजन्य से राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत गुप्तकाशी एवं सुमाड़ी में आयोजित निःशुल्क नेत्र शिविरों में कुल 71 लोगों के नेत्रों की जांच की गई। इनमें 25 लोगों को चश्मे वितरित किए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पारूल गोयल के निर्देशन एवं विवेकानंद नेत्रालय के सहयोग से गुप्तकाशी में आयोजित निःशुल्क मोतियाबिंद शिविर में 11 पुरुषों और 4 महिलाओं सहित कुल 15 लोगों की जांच की गई। इनमें 8 लोगों को दवा वितरित की गई, जबकि 5 पुरुषों और 1 महिला सहित 6 लोगों की आंखों में मोतियाबिंद पाया गया। इन सभी का देहरादून स्थित विवेकानंद नेत्रालय में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन किया जाएगा। उन्हें विवेकानंद नेत्रालय रामकृष्ण मिशन आश्रम की टीम द्वारा देहरादून ले जाया जाएगा। वहीं निर्मल आश्रम सेवा संस्थान द्वारा घर-घर नेत्र जांच कार्यक्रम के अंतर्गत जखोली ब्लॉक के पंचायत भवन सुमाड़ी में नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 56 ग्रामीणों के नेत्रों की जांच की गई, जिसमें 25 लोगों को चश्मे वितरित किए गए। नेत्र परीक्षण शिविरों में सेवा प्रदान करने वालों में विवेकानंद नेत्रालय की मेडिकल टीम से दृष्टिमितिज्ञ सौरभ बर्तवाल एवं फार्मेसिस्ट सौरभ रावत तथा निर्मल आश्रम सेवा संस्थान की मेडिकल टीम से गौरव नौटियाल दृष्टिमितिज्ञ कुलेंद्र रावत अमन सरियाल आकाश राणा और सुखवीर सिंह शामिल रहे।
