Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारभूमि की आस्था संस्कृति इतिहास प्रकृति एवं धार्मिक पर्यटन को समर्पित युवा लेखक एवं कवि सतपाल की पुस्तक ‘पूरा केदार दर्शन’ के भव्य पुस्तक विमोचन एवं साहित्यिक-सांस्कृतिक समारोह को लेकर शुक्रवार को रुद्रप्रयाग स्थित होटल जीएम रेजीडेंसी में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। न्यू बस स्टैंड एवं रामलीला मंच के समीप आयोजित प्रेस वार्ता में पुस्तक की विषयवस्तु उद्देश्य उपयोगिता तथा आगामी समारोह की विस्तृत रूपरेखा मीडिया प्रतिनिधियों के समक्ष साझा की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए युवा लेखक एवं कवि सतपाल ने बताया कि ‘पूरा केदार दर्शन’ केवल उनकी पुस्तक नहीं बल्कि केदारभूमि की सामूहिक आस्था से जुड़ी पुस्तक है। पुस्तक का उद्देश्य जनपद की धार्मिक आध्यात्मिक सांस्कृतिक ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक विरासत को एक स्थान पर प्रस्तुत कर देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं एवं साधकों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पुस्तक को इस उद्देश्य से तैयार किया गया है कि यह वर्षभर श्रद्धालुओं के लिए केदारभूमि की मार्गदर्शिका के रूप में उपयोगी सिद्ध हो। पुस्तक में जनपद के विभिन्न धार्मिक स्थलों एवं महत्वपूर्ण दर्शनीय स्थलों का वर्णन किया गया है जिससे श्रद्धालुओं को केदारभूमि के विविध धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की जानकारी प्राप्त करने में सुविधा मिल सके। कवि सतपाल ने बताया कि 13 सितंबर 2026 रविवार को प्रातः 9 बजे राजकीय इंटर कॉलेज चंद्रनगर जनपद रुद्रप्रयाग में ‘पूरा केदार दर्शन’ पुस्तक का भव्य विमोचन एवं साहित्यिक-सांस्कृतिक समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में पुस्तक विमोचन के साथ साहित्यिक संगोष्ठी कवि सम्मेलन गीत-संगीत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां छात्र-छात्राओं के कार्यक्रम तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को ‘केदार दर्शन सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से जनप्रतिनिधियों शासन-प्रशासन के प्रतिनिधियों कवि-लेखकों कलाकारों लोकगायकों समाजसेवियों महिला मंगल दलों तथा छात्र-छात्राओं के प्रतिभाग करने की जानकारी दी गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जनपद के जिला सूचना अधिकारी के.एल.टम्टा ने पुस्तक के सफल प्रकाशन के लिए युवा लेखक एवं कवि सतपाल को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘पूरा केदार दर्शन’ को केदारनाथ एवं जनपद के संपूर्ण यात्रा मार्ग की उपयोगी मार्गदर्शिका बताते हुए इस प्रयास की सराहना की। वरिष्ठ पत्रकार अनुसुइया प्रसाद मलासी ने कवि सतपाल के बचपन से संघर्षरत जीवन से साहित्य के क्षेत्र तक के सफर का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सतपाल का साहित्यिक सफर संघर्ष की कहानी बयां करता है और ‘पूरा केदार दर्शन’ जनपद के लिए एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने इसे जिले में इस दिशा में एक उल्लेखनीय प्रयास बताया। अमर उजाला के वरिष्ठ पत्रकार राजेश सेमवाल ने भी कवि सतपाल और ‘पूरा केदार दर्शन’ पुस्तक की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं। केदारखंड एक्सप्रेस के पत्रकार कुलदीप राणा आजाद ने भी इस पहल की सराहना की। सहयोगी उत्तम जी ने पुस्तक को आने वाले समय के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज बताते हुए कहा कि यह भविष्य में केदारभूमि के इतिहास और विरासत को समझने में उपयोगी सिद्ध हो सकती है। वहीं श्रीकांत जी ने पुस्तक को श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी मार्गदर्शिका बताते हुए कहा कि इस तरह के प्रयासों को धार्मिक पर्यटन एवं स्थानीय रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में भी सार्थक माना जा सकता है। कवि सतपाल ने कहा कि वह ‘पूरा केदार दर्शन’ को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं मानते बल्कि इसे केदारभूमि की आस्था संस्कृति और विरासत से जुड़ा सामूहिक प्रयास मानते हैं। उन्होंने कहा कि पुस्तक के साथ आयोजित होने वाला समारोह भी केवल उनका व्यक्तिगत आयोजन नहीं बल्कि समस्त जनपदवासियों का आयोजन है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब समाज का एक बड़ा वर्ग मोबाइल और सोशल मीडिया में व्यस्त है, वहीं साहित्य कला संस्कृति समाजसेवा एवं अपनी जन्मभूमि के लिए निरंतर कार्य करने वाले लोगों को पहचान और सम्मान देना भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में कवि सतपाल ने उपस्थित सभी पत्रकारों मीडिया प्रतिनिधियों सूचना विभाग एवं सहयोगियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने जनपदवासियों से 13 सितंबर रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज चंद्रनगर पहुंचकर पुस्तक विमोचन एवं भव्य साहित्यिक-सांस्कृतिक समारोह में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से इस साहित्यिक एवं सांस्कृतिक पहल को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करने का आग्रह किया। प्रेस वार्ता का समापन सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ पत्रकार अनुसुइया प्रसाद मलासी अमर उजाला के वरिष्ठ पत्रकार राजेश सेमवाल केदारखंड एक्सप्रेस के कुलदीप राणा आजाद अपना जिला रुद्रप्रयाग के प्रकाश रावत जिला सूचना अधिकारी के.एल.टम्टा एवं सूचना विभाग के कनिष्ठ सहायक अरुण भरतरी कैमरामैन भुवनेश नेगी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *