प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में गुरुवार देर शाम जिला कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में जनपद में निर्मित मोटर मार्गों से प्रभावित काश्तकारों के प्रतिकर भुगतान की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई लोनिवि आरईएस सहित अन्य निर्माणदायी संस्थाओं से सड़क निर्माण से प्रभावित काश्तकारों को किए गए प्रतिकर भुगतान तथा लंबित मामलों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने निर्माणदायी संस्थाओं के अधिकारियों से क्षेत्रवार जानकारी लेते हुए पूछा कि कितनी सड़कें पूर्ण हो चुकी हैं और उनसे संबंधित कटान एवं दबान का प्रतिकर कितने काश्तकारों को दिया जा चुका है तथा कितने मामलों में भुगतान लंबित है। उन्होंने डिवीजनवार काश्तकारों की सूची भुगतान की स्थिति तथा संबंधित खातेदारों को दी गई सूचना की भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सड़क से प्रभावित काश्तकारों को प्रतिकर भुगतान के लिए तहसीलवार कैंप आयोजित किए जाएं। इसके लिए तहसीलवार रोस्टर तैयार कर कैंप की तिथि निर्धारित की जाए तथा समाचार पत्रों के माध्यम से इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। कैंपवार उन खातेदारों की सूची तैयार की जाए जिनकी भूमि से सड़क का निर्माण हुआ है और जिनका प्रतिकर भुगतान किया जाना है। साथ ही शेष खातेदारों की सूची भी तैयार कर उन्हें कैंप की तिथि एवं स्थान की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि पूर्व में निर्मित ऐसी सड़कों जिनके प्रभावित काश्तकारों को अभी तक प्रतिकर नहीं मिल पाया है उनका पहले चरण में पूर्ण दस्तावेजीकरण किया जाए। जिन मामलों में प्रतिकर तैयार हो चुका है उनका तत्काल वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिस क्षेत्र में कैंप आयोजित किया जा रहा है वहां संबंधित सड़कों के नाम स्पष्ट रूप से सूचीबद्ध किए जाएं ताकि प्रभावित काश्तकारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कैंप में स्टाफ की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और संबंधित विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। कैंप आयोजन से पूर्व संबंधित सब-रजिस्ट्रार को भी सूचना उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि कैंप सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित हों तथा किसी भी कैंप में काश्तकारों की शिकायत लंबित न रहे। बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी उप जिलाधिकारी टिहरी कमलेश मेहता एसएलएओ नीलू चावला अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई टिहरी गणेश प्रसाद नौटियाल नरेंद्रनगर मधुसूदन बलोनी अधिशासी अभियंता लोनिवि चंबा राजवेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं उप जिलाधिकारी धनोल्टी अंशुल भट्ट, नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल सहित अन्य अधिकारी वीसी के माध्यम से बैठक में जुड़े।
