प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। थाना मुनि की रेती पुलिस ने करीब दो वर्षों से फरार चल रहे एक वारंटी अभियुक्त को जॉलीग्रांट क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। थाना मुनि की रेती पुलिस टीम ने न्यायिक मजिस्ट्रेट नरेंद्रनगर की ओर से जारी गैर-जमानती वारंट और कुर्की वारंट की तामील करते हुए यह कार्रवाई की। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विशाल पुत्र यशपाल निवासी कालूबगड़ रानी पोखरी जनपद देहरादून के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त लंबे समय से न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं हो रहा था तथा गिरफ्तारी और न्यायालयीन कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से अपने घर से दूर रह रहा था। लगातार न्यायालय में उपस्थित न होने और फरार रहने के कारण न्यायालय की ओर से उसके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट और कुर्की वारंट जारी किए गए थे। वारंटी अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए थाना मुनि की रेती पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी और गोपनीय रूप से उसके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस टीम को सूचना मिली कि अभियुक्त जॉलीग्रांट क्षेत्र में हिमालयन ढाबे के पास रह रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश देकर विशाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद वारंटी अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की। टिहरी पुलिस की ओर से न्यायालय से जारी वारंटों की तामील और लंबे समय से फरार चल रहे वांछित व वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।
