Spread the love

प्रदीप कुमार
गंगनहर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। महिला एवं बाल अपराधों के प्रति हरिद्वार पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा मामले में साक्ष्य संकलन के साथ अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार 11 सितंबर 2026 को वादी ने कोतवाली गंगनहर में तहरीर देकर बताया था कि आरोपी ने वादी की 14 वर्षीय नाबालिग भांजी को डरा-धमकाकर एवं नशीली दवा खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। तहरीर के आधार पर कोतवाली गंगनहर में पॉक्सो अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक गंगनहर ने पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने साक्ष्य संकलन एवं सुरागरसी-पतारसी करते हुए मामले से संबंधित आरोपी को रुड़की रेलवे स्टेशन से हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई प्रचलित है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद नजीर पुत्र मोहम्मद अजीज अहमद निवासी रसौली बाजार बाराबंकी जनपद बाराबंकी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता पाडली गुर्जर तेल्लीवाला थाना गंगनहर जनपद हरिद्वार बताया गया है। आरोपी की उम्र 33 वर्ष है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ममता मखलोगा हेड कांस्टेबल अरविन्द कुमार तथा कांस्टेबल देवेश कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *