Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। थाना मुनिकीरेती पुलिस को 14 सितंबर 2026 को जानकी पुल ऋषिकेश के पास गंगा नदी में एक युवक के डूबने की सूचना मिली। सूचना को गंभीरता से लेते हुए मुनिकीरेती पुलिस बिना किसी विलंब के जल पुलिस मुनिकीरेती एवं एसडीआरएफ के साथ मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर गंगा में डूब रहे युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया। पुलिस टीम ने जल पुलिस एवं एसडीआरएफ के जवानों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का तत्काल जायजा लिया। इसके बाद समन्वय और तत्परता के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। टीम ने गंगा नदी में डूब रहे युवक की तलाश करते हुए साहस एवं कुशलता से उसका रेस्क्यू किया और उसे सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान आयुष भंडारी पुत्र कुलदीप सिंह भंडारी निवासी कर्णप्रयाग जनपद चमोली उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है। रेस्क्यू के बाद पुलिस एवं रेस्क्यू टीम ने युवक को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। इसके बाद बेहतर चिकित्सा के लिए 108 एंबुलेंस के माध्यम से उसे सरकारी अस्पताल ऋषिकेश भेजा गया। टिहरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जल पुलिस एवं एसडीआरएफ के साथ बेहतर समन्वय से युवक की जान बचाई जा सकी। टिहरी पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा के लिए पुलिस सदैव तत्पर है और आपदा एवं आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के साथ हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *