Spread the love

प्रदीप कुमार
देवप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र देवप्रयाग में तोली–चपौली से ग्वालना नगर मोटर मार्ग के स्टेज-I एवं II तथा पंचवर्षीय अनुरक्षण कार्य का शिलान्यास किया गया। इस मोटर मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने के साथ ही आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है। 12.750 किलोमीटर लंबाई वाले इस मोटर मार्ग के निर्माण एवं अनुरक्षण कार्य के लिए 1668.45 लाख रुपये यानी लगभग 16.68 करोड़ रुपये की लागत स्वीकृत की गई है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और स्थानीय स्तर पर लोगों को इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा। कार्य का शिलान्यास देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी के कर कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट मंडल अध्यक्ष नरेंद्र रावत एवं जिला उपाध्यक्ष प्रमोद चंद सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति और कार्य शुरू कराने के लिए विधायक विनोद कंडारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि मोटर मार्ग के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ ही ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही सड़क संबंधी समस्या से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *