Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। 14 सितंबर को प्रातः लगभग 5:30 बजे आगरा खाल क्षेत्र में एक युवक के सड़क से नीचे खाई में गिरकर घायल होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही आगराखाल चौकी पुलिस और आपदा कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे तथा संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल युवक को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामखिलावन पुत्र शालिकराम निवासी धोबी घाट कोलाघाट जनपद हरदोई उत्तर प्रदेश उम्र 23 वर्ष अपने साथी विकास पुत्र सुरेश कुमार निवासी अजबपुर कलां दीपनगर देहरादून के साथ मोटरसाइकिल से हरिद्वार से कनाताल चंबा की ओर मोबिऑयल की बाल्टी लेकर जा रहे थे। आगरा खाल क्षेत्र में वाहन रोककर रामखिलावन सड़क किनारे बाथरूम करने के लिए गया था। इसी दौरान वह अचानक सड़क से नीचे खाई में गिर गया और घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आगराखाल चौकी पुलिस एवं आपदा कर्मी मौके पर पहुंचे और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने खाई में उतरकर घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायल रामखिलावन को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से राजकीय अस्पताल नरेंद्रनगर पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। सिर पर चोट और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों द्वारा उसे उच्च उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। पुलिस द्वारा घायल युवक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस की तत्परता और आपदा कर्मियों के सहयोग से घायल युवक को समय रहते खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पर्वतीय मार्गों पर यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतें। सड़क किनारे वाहन रोकते समय या किसी अन्य कारण से सड़क से बाहर जाते समय अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *