प्रदीप कुमार
सिडकुल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान सिडकुल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान भागने का प्रयास कर रहे एक संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ की तो वाहन चोरी के मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री की झाड़ियों में छिपाकर रखी गई आठ मोटरसाइकिल और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए। जिस मोटरसाइकिल पर आरोपी पकड़ा गया था वह भी चोरी की निकली। इस तरह पुलिस ने कुल नौ मोटरसाइकिल और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए हैं। 14 सितंबर 2026 को किरवी चौक पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पॉलिटेक्निक की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक बाइक सवार को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार ने मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया लेकिन अचानक मोटरसाइकिल का टायर फिसलने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह वहीं गिर गया। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए उसे दबोच लिया। पुलिस द्वारा संदिग्ध के कब्जे में मौजूद मोटरसाइकिल के इंजन नंबर चेसिस नंबर और वाहन नंबर की जांच की गई तो सामने आया कि यह मोटरसाइकिल सिडकुल क्षेत्र से चोरी हुई थी। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बंद पड़ी पुरानी खाद फैक्ट्री के अंदर झाड़ियों के बीच छिपाई गई आठ मोटरसाइकिल और एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर सिडकुल रानीपुर और बहादराबाद क्षेत्र को वाहन चोरी के लिए निशाना बनाया था। चोरी की गई गाड़ियों को बंद पड़ी फैक्ट्री में छिपाकर रखा जाता था। वाहन चोरी के इस मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपी की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी कोतवाली लक्सर क्षेत्र में गैंगस्टर एक्ट के मामले में भी आरोपी रहा है। इसके अलावा जनपद देहरादून के डोईवाला थाने में उसके खिलाफ दो मामले दर्ज हैं। थाना देवबंद सहारनपुर उत्तर प्रदेश में भी वह गैंगस्टर एक्ट सहित चार मामलों में आरोपी रहा है। पकड़े गए आरोपी की पहचान श्रवण पुत्र रमेश निवासी ग्राम दौलतपुर थाना बहादराबाद जनपद हरिद्वार उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड में वर्ष 2025 में थाना डोईवाला देहरादून के दो मामले शामिल हैं। वर्ष 2024 में कोतवाली लक्सर हरिद्वार के दो मामले वर्ष 2025 में कोतवाली लक्सर में गैंगस्टर एक्ट का एक मामला और वर्ष 2024 में लक्सर थाने का एक मामला दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2025 में थाना बहादराबाद हरिद्वार में आर्म्स एक्ट समेत एक मामला, वर्ष 2026 में थाना सिडकुल में एक मामला और वर्ष 2024 में थाना कलियर हरिद्वार में एनडीपीएस एक्ट का एक मामला दर्ज है। कोतवाली लक्सर में वर्ष 2024 के दो अन्य मामले भी आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड में शामिल हैं जिनमें एक मामले में शस्त्र अधिनियम से संबंधित कार्रवाई भी हुई थी। इसके अलावा वर्ष 2020 में थाना देवबंद सहारनपुर उत्तर प्रदेश में मारपीट और चोरी से संबंधित तीन मामले तथा गैंगस्टर एक्ट का एक मामला आरोपी के खिलाफ दर्ज रहा है। बरामदगी के बाद आरोपी और बरामद मोटरसाइकिलों को थाना सिडकुल लाया गया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए संबंधित मामले में आवश्यक कानूनी प्रावधान जोड़े हैं। आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। फरार अन्य आरोपी की तलाश जारी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट अपर उपनिरीक्षक अनिल कुमार सैनी हेड कांस्टेबल जितेन्द्र मलिक हेड कांस्टेबल संजय हेड कांस्टेबल सोहन राणा कांस्टेबल प्रमोद गोस्वामी कांस्टेबल रिपेन्द्र कैन्तुरा और होमगार्ड आफताब मलिक शामिल रहे।
