Spread the love

प्रदीप कुमार
गंगनहर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर होटल ढाबा रेस्टोरेंट कैफे आदि प्रतिष्ठानों में औचक चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आपराधिक और संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाना है। इसी क्रम में कोतवाली गंगनहर पुलिस ने क्षेत्र में संचालित हुक्का बार पर पहुंचकर रिकॉर्ड खंगाले तो कई अनियमितताएं सामने आईं। पुलिस जांच में सामने आया कि संबंधित हुक्का बार संचालक द्वारा बिना वैध लाइसेंस के बार संचालित किया जा रहा था। इसके साथ ही संचालक बिना सत्यापन के नियुक्त किए गए कर्मचारियों से काम ले रहा था। मौके पर पुलिस टीम ने रिकॉर्ड की जांच करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लापरवाही सामने आने पर संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की। पुलिस टीम ने संचालक का पुलिस अधिनियम के तहत 10 हजार रुपये का चालान किया। पुलिस ने संचालक सहित क्षेत्र के अन्य होटल ढाबा और बार संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना वैध लाइसेंस के बार संचालित न किए जाएं। साथ ही बिना वैध पहचान पत्र के किसी व्यक्ति को ठहरने की अनुमति न देने और बिना सत्यापन कर्मचारियों को नियुक्त न करने की चेतावनी दी गई। अनियमितता मिलने पर कड़ी चालानी कार्रवाई की बात भी कही गई। पुलिस ने प्रतिष्ठान संचालकों को अपने यहां सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा उपकरण चालू स्थिति में रखने के निर्देश दिए। प्रवेश और निकास स्थानों पर अच्छी गुणवत्ता के कैमरे लगाने तथा किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि के दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा गया। पुलिस द्वारा होटल ढाबा बार और अन्य प्रतिष्ठानों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस के अनुसार संबंधित संचालक फहीम कुरेशी पुत्र तस्लीम कुरेशी निवासी रामपुर चुंगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *