प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद रुद्रप्रयाग में 15 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक जनभागीदारी के साथ सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों निर्णयों एवं उपलब्धियों तथा विकसित भारत 2047 के संकल्प से आमजन को जोड़ना है। जिला प्रशासन द्वारा अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में आवश्यक सहयोग एवं समन्वय प्रदान किया जाएगा तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान में योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर भी जोर रहेगा। अभियान के तहत 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रमुख स्थलों अमृत सरोवरों जन औषधि केंद्रों आदि पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। मेरे सपनों का भारत कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 8 अक्टूबर तक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विकसित भारत 2047 तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित निबंध चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सेवा कार्य के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं पंजीकृत नाट्य दलों द्वारा सरकार की प्रमुख योजनाओं नीतियों एवं जनकल्याणकारी पहलों पर आधारित नाट्य मंचन एवं जनजागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे। वहीं आंगन मिलन सेवा के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों पर अभिभावकों को बच्चों के पोषण टीकाकरण एवं मातृ-शिशु कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। सेवा की कहानी के माध्यम से सरकारी योजनाओं से आमजन के जीवन में आए बदलावों को भाषण चित्रकला वीडियो एवं संवाद के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। सेवा ज्योति कलश यात्रा के माध्यम से विकसित भारत 2047 का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। सेवा मेरा योगदान के तहत स्वच्छता वृक्षारोपण शिक्षा सहित समाजोपयोगी गतिविधियों में नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सेवा सेतु अभियान के तहत जिला प्रभारी मंत्री के नेतृत्व में राजकीय इंटर कॉलेज पीड़ा विकासखंड अगस्तमुनि राजकीय इंटर कॉलेज भींगी विकासखंड ऊखीमठ राजकीय इंटर कॉलेज रामाश्रम विकासखंड जखोली तथा राजकीय इंटर कॉलेज खेड़ाखाल में जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार की भावना के साथ बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही सेवा के रंग राष्ट्र के संग के तहत रंगोली के माध्यम से योजनाओं एवं उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जाएगा। सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के तहत युवाओं के नवाचार को प्रोत्साहन दिया जाएगा जबकि सुशासन सेवा संवाद के माध्यम से जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्वदेशी एवं खादी अपनाने तथा वोकल फॉर लोकल के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत एक माह तक विभिन्न जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वच्छता एवं सफाई अभियान समाजसेवा छात्र-छात्राओं का कैरियर मार्गदर्शन वृक्षारोपण रंगोली चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं। इसके साथ ही बच्चों को विभिन्न अतिरिक्त पाठ्यक्रम गतिविधियों से भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों एवं युवाओं को रचनात्मक एवं समाजोपयोगी गतिविधियों से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास के साथ-साथ मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है।
