प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के परिसरों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के तीसरे पांचवें और सातवें सेमेस्टर में प्रवेश के लिए ऑनलाइन शुल्क जमा करने का पोर्टल पुनः खोल दिया गया है। विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण कार्यालय की ओर से जारी प्रवेश सूचना के अनुसार द्वितीय सेमेस्टर एवं बैक पेपर परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने के बाद निर्धारित न्यूनतम क्रेडिट आवश्यकता पूरी करने वाले विद्यार्थी प्रवेश के लिए पात्र होंगे। ऐसे विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन फीस जमा करने का पोर्टल 14 सितंबर 2026 को पुनः खोल दिया गया है। पात्र विद्यार्थियों को अपने संबंधित प्रवेश समितियों से संपर्क कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश प्रक्रिया के तहत निर्धारित शुल्क जमा करना भी अनिवार्य है। विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश की अंतिम तिथि 21 सितंबर 2026 निर्धारित की है। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो.ओपी गुसाईं ने विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। प्रवेश संबंधी सूचना विश्वविद्यालय के सभी डीन कैंपस निदेशकों विभागाध्यक्षों तथा संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।
