Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के नेतृत्व में टिहरी पुलिस ने करीब 8 घंटे के भीतर 10 लाख रुपये की चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चोरी की गई ज्वैलरी की शत-प्रतिशत बरामदगी की है। कैम्पटी पुलिस ने चोरी के माल सहित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। जनपद में अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में टिहरी पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी चम्बा के पर्यवेक्षण में कोतवाली कैम्पटी पुलिस ने घर का ताला तोड़कर की गई लाखों रुपये की चोरी की घटना का करीब 8 घंटे के भीतर खुलासा किया। 14 सितंबर 2026 को स्वराज सिंह पुत्र गोपाल सिंह निवासी थत्यूड़-कैम्पटी मोटर मार्ग कैम्पटी थाना कोतवाली कैम्पटी जनपद टिहरी गढ़वाल के घर में अज्ञात चोर ने ताला तोड़कर घर में रखी ज्वैलरी चोरी कर ली थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की। पीड़ित की तहरीर के आधार पर 15 सितंबर 2026 को कोतवाली कैम्पटी में चोरी एवं घर में प्रवेश से संबंधित प्रकरण दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने शीघ्र खुलासा करते हुए अभियुक्त की गिरफ्तारी और चोरी के माल की बरामदगी के निर्देश दिए। प्रकरण की विवेचना चौकी प्रभारी नैनबाग उपनिरीक्षक मंगेश कुमार ने शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सुराग-पतारसी करते हुए उपलब्ध तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। पुलिस टीम की लगातार मेहनत और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप अभियुक्त की पहचान कर 15 सितंबर 2026 को चोरी की ज्वैलरी सहित गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त के कब्जे से चोरी की गई करीब 10 लाख रुपये कीमत की ज्वैलरी की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई। बरामद सामान में पीली धातु का एक गले का हार एक मांग टीका एक नथ एक जोड़ी लड़ी लगे झुमके एक अंगूठी तथा सफेद धातु की एक जोड़ी पायल शामिल है। बरामद ज्वैलरी की कुल अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राजन राणा पुत्र चन्दर सिंह राणा निवासी ग्राम रणगांव कोतवाली कैम्पटी जनपद टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। अभियुक्त का पूर्व आपराधिक इतिहास भी पुलिस ने बताया है। उसके विरुद्ध वर्ष 2023 में थाना मसूरी जनपद देहरादून में चोरी और चोरी के माल से संबंधित मामला दर्ज रहा है। इसके अलावा वर्ष 2024 में थाना मसूरी जनपद देहरादून में घर में चोरी घर में अनधिकृत प्रवेश और चोरी के माल से संबंधित मामला भी दर्ज रहा है। चोरी की घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी नैनबाग उपनिरीक्षक मंगेश कुमार अपर उपनिरीक्षक बाबू खाँ हेड कांस्टेबल मैराज आलम हेड कांस्टेबल अजय कुमार और कांस्टेबल चालक राकेश सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *