प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन पर जिला सूचना कार्यालय रुद्रप्रयाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गहरा दुःख एवं शोक व्यक्त किया। इस अवसर पर सूचना कार्यालय में शोक सभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिला सूचना अधिकारी रुद्रप्रयाग के.एल.टम्टा ने गिरिजा शंकर जोशी की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि जोशी का आकस्मिक निधन सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से विभाग ने एक कर्मठ समर्पित एवं अनुभवी अधिकारी को खो दिया है। इस दौरान जिला सूचना कार्यालय रुद्रप्रयाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ ही जनपद के मीडिया प्रतिनिधियों ने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान प्रदान करने तथा परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
