प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। 15 सितंबर 2026 को केदारनाथ धाम पैदल मार्ग पर गौरीकुंड से करीब 2.5 किलोमीटर दूर चीरवासा के पास क्षतिग्रस्त मार्ग को सुचारु कर दिया गया है। संबंधित कार्यदायी संस्था के श्रमिकों ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल और एसडीआरएफ के जवानों ने अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए मार्ग की साफ-सफाई की। मार्ग सुचारु होने के बाद केदारनाथ से वापस आ रहे श्रद्धालुओं को इस स्थान से सुरक्षित पार करवाकर गौरीकुंड की ओर भेजा गया। साथ ही पैदल आवागमन के लिए मार्ग संचालित होने पर सोनप्रयाग में रुके यात्रियों को भी केदारनाथ की ओर भेजा गया। मौके पर तैनात सुरक्षा बलों की निगरानी में केदारनाथ की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को भेजा जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा मानकों और पुलिस प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपनी यात्रा करें।
