प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ धाम पैदल मार्ग पर गौरीकुंड से लगभग 2.5 किलोमीटर ऊपर चीरवासा के समीप क्षतिग्रस्त हुए मार्ग को सुचारु करने तथा मार्ग में आए मलबे पत्थर आदि को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। जनपद रुद्रप्रयाग पुलिस बल डीडीआरएफ तथा कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के सक्षम कार्मिकों की निगरानी में श्रमिक अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हुए मार्ग को खोलने के कार्य में जुटे हुए हैं। मार्ग को आवागमन योग्य बनाए जाने के साथ ही सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए श्रद्धालुओं का आवागमन शुरू कराया जाएगा। फिलहाल केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालु सोनप्रयाग में रुके हुए हैं। यहां मार्ग को पूरी तरह सुचारु होने में कम से कम 3 से 4 घंटे का और समय लगने की संभावना है। जिला प्रशासन एवं जिला पुलिस रुद्रप्रयाग ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मार्ग सुचारु होने तक धैर्य बनाए रखें और पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
