प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद पुलिस का व्यापक एवं सघन यातायात चेकिंग अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। इसी क्रम में 14 जून 2026 की रात्रि सघन चेकिंग के दौरान 8 वाहन चालक सभी कोटद्वार क्षेत्र के शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने सभी वाहनों को सीज करते हुए संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की। इसके अलावा सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रैश ड्राइविंग ओवरलोडिंग बिना हेलमेट वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 84 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इनमें कोटद्वार के 26 श्रीनगर के 12 लक्ष्मणझूला के 27 यातायात श्रीनगर के 17 और पौड़ी के 2 वाहन चालक शामिल हैं। जनपदभर में यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 199 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई अमल में लाई गई।
