Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। नवें राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर जनपद पौड़ी गढ़वाल के विभिन्न विकासखंडों में आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘हमारी आंगनबाड़ी हमारी जिम्मेदारी’ थीम के तहत पोषण जागरूकता एवं सामुदायिक आधारित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लाभार्थियों को संतुलित आहार आहार विविधता और पर्याप्त प्रोटीन के महत्व की जानकारी दी जा रही है। इसी क्रम में आंगनबाड़ी केंद्र हिसरिया मोहल्ला एवं पितृ मोहल्ला में पोषण माह के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम में तीन बच्चों का शाला पूर्व शिक्षा में प्रवेशोत्सव मनाया गया जबकि एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस दौरान लाभार्थियों को स्थानीय खाद्यान्न मोटे अनाज दाल एवं सब्जियों से प्राप्त होने वाले पोषक तत्वों तथा इन्हें दैनिक आहार में शामिल करने के महत्व की जानकारी दी गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि एक माह तक चलने वाले पोषण अभियान के तहत जनपद के सभी विकासखंडों में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से बच्चों महिलाओं एवं परिवारों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूक करने के साथ ही सही पोषण देश रोशन की अवधारणा को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *