प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम एवं पशुपालकों को बीमारी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विकासखंड पौड़ी गढ़वाल के राजकीय पशु चिकित्सालय डडुवादेवी के अंतर्गत ग्राम पंचायत पुण्डोरी में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर निदेशक गढ़वाल मंडल पशुपालन विभाग डॉ.भूपेंद्र जंगपांगी ने की। शिविर में अपर निदेशक ने पशुपालकों को लम्पी स्किन डिजीज के लक्षण उपचार एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। विशेषज्ञों ने पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर पशु चिकित्सक से संपर्क करने तथा संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की जानकारी दी। इस दौरान पशुपालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी पशुपालकों को दी गई। शिविर में कुल 22 पशुपालकों को लाभान्वित किया गया जबकि 40 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान हिम्मत सिंह रावत पशु चिकित्साधिकारी डॉ.सीमांत नौटियाल तथा पशुधन प्रसार अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत सहित अन्य उपस्थित रहे।
