Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। भारत दर्शन कार्यक्रम के 10वें संस्करण के तहत देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने देहरादून स्थित राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से मुलाकात की। देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी की पहल से आयोजित इस यात्रा में छात्र-छात्राओं ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से संवाद किया और इस अवसर को अपने लिए विशेष अनुभव बताया। राजभवन पहुंचने पर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह और खुशी देखने को मिली। बच्चों ने राजभवन की व्यवस्थाओं और परिसर को करीब से देखा तथा राज्यपाल से मुलाकात कर उनके अनुभवों और विचारों को जाना। भारत दर्शन कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के विभिन्न क्षेत्रों संस्थानों संस्कृति और विविधताओं को करीब से समझने का अवसर मिल रहा है। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए यह यात्रा केवल भ्रमण तक सीमित नहीं रही बल्कि उन्हें देश और समाज के विभिन्न पहलुओं को समझने नई चीजें सीखने और अपने अनुभवों का विस्तार करने का अवसर भी मिला। राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात ने यात्रा को और विशेष बना दिया। देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने छात्र-छात्राओं को भारत दर्शन की इस यादगार यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। देश के विभिन्न हिस्सों और महत्वपूर्ण संस्थानों को करीब से देखने से बच्चों में सीखने की जिज्ञासा बढ़ती है और उन्हें भारत की विविधता एवं समृद्ध विरासत को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों से यात्रा के दौरान अधिक से अधिक सीखने नए अनुभव हासिल करने और देश की विविधता को करीब से समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए यह यात्रा जीवनभर याद रहने वाले अनुभवों को अपने साथ लेकर लौटने का अवसर है। भारत दर्शन कार्यक्रम के तहत देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के छात्र-छात्राओं में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। विद्यार्थियों ने राजभवन में बिताए समय को यादगार बताया और इस तरह के अवसर उपलब्ध कराने के लिए आभार व्यक्त किया। विधायक विनोद कंडारी ने सभी छात्र-छात्राओं को सुरक्षित और सुखद यात्रा के साथ ढेरों शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *