Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कुम्भ मेला-2027 हरिद्वार के दृष्टिगत अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखण्ड डॉ.वी.मुरुगेशन ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर पुलिस विभाग की प्रारंभिक तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। सीसीआर स्थित सभागार कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में अब तक की गई तैयारियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली गई। उन्होंने सभी योजनाओं को अंतिम रूप देते हुए तैयारियों को निर्धारित समय में पूरा करने तथा सभी संबंधित विभागों और सीमावर्ती जनपदों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ.नीलेश आनंद भरणे पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप पुलिस महानिरीक्षक कुम्भ मेला डॉ.योगेंद्र सिंह रावत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुम्भ मेला आयुष अग्रवाल पुलिस अधीक्षक अभिसूचना मणीकांत मिश्रा पुलिस अधीक्षक एटीएस सरिता डोभाल पुलिस अधीक्षक यातायात हरिद्वार निशा यादव तथा पुलिस अधीक्षक जीआरपी अरुणा भारती सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सर्वप्रथम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुम्भ मेला-2027 हरिद्वार ने अब तक की गई तैयारियों और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर प्रस्तुतिकरण दिया। इसके बाद अपर पुलिस महानिदेशक ने कुम्भ मेला-2027 की सुरक्षा व्यवस्था यातायात प्रबंधन भीड़ नियंत्रण आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन योजना संचार व्यवस्था और डिजिटल तकनीकों के उपयोग सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। कुम्भ मेला-2027 के दौरान चरणवार सुरक्षा बलों की नियुक्ति को लेकर भी समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि कुम्भ की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों और सीमावर्ती जनपदों के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित करते हुए कार्यवाही की जाए ताकि आयोजन से जुड़े प्रत्येक पहलू पर प्रभावी तरीके से काम किया जा सके और कुम्भ मेले का आयोजन सकुशल संपन्न कराया जा सके। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक दृष्टिकोण से कुम्भ मेला विश्व का सबसे बड़ा आयोजन है। इसे निर्विघ्न एवं सकुशल संपन्न कराना तथा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना उत्तराखण्ड पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस संबंध में कुम्भ मेला पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही कुम्भ मेले के लिए बनाए जा रहे जोन सेक्टर और मेले में तैनात किए जाने वाले पुलिस बल को लेकर भी विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक के बाद अपर पुलिस महानिदेशक ने बैठक में मौजूद अधिकारियों के साथ कुम्भ मेला क्षेत्र का भौतिक भ्रमण किया और मौके पर की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस महानिदेशक एटीसी पहुंचे जहां कुम्भ मेला ड्यूटी के लिए जवानों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे जवानों से संवाद कर प्रशिक्षण की जानकारी ली तथा प्रशिक्षित स्टाफ और उपस्थित अधिकारियों को कुम्भ मेला ड्यूटी एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *