प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर जनपद पौड़ी गढ़वाल के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं अभिभावकों गर्भवती एवं धात्री महिलाओं किशोरियों तथा स्थानीय जनसामान्य ने प्रतिभाग किया। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को विभिन्न प्रकार की किट वितरित की गईं। अतिकुपोषित बच्चों को पोषण पोटली तथा छोटे बच्चों की माताओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। इसके साथ ही बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियां एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। नौनिहालों की प्रस्तुतियों से आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावकों और लाभार्थियों को महिला एवं बाल विकास विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं पोषण सेवाओं तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं समग्र विकास से संबंधित जानकारी दी गई। कार्यक्रमों में दीप प्रज्वलन के साथ विभिन्न गतिविधियों का शुभारंभ किया गया तथा बच्चों एवं महिलाओं के पोषण और स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकर्ताओं एवं एएनएम ने भी कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस दौरान महिलाओं एवं किशोरियों की स्वास्थ्य जांच के साथ व्यक्तिगत स्वच्छता पोषण स्वास्थ्य देखभाल एवं संतुलित आहार के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों के पोषण प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल तथा केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के बारे में अभिभावकों को जागरूक किया। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिला एवं बाल विकास से जुड़ी सेवाओं को समुदाय तक पहुंचाने के साथ ही बच्चों महिलाओं और अभिभावकों की योजनाओं में सहभागिता बढ़ाना रहा।
