Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में जखोली विकासखंड के डंगवाल गांव में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई पवन कुमार ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सड़क से संबंधित समस्याओं के साथ ही भूस्खलन क्षतिग्रस्त नहरों तथा आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुई गुलों की मरम्मत सहित अन्य समस्याएं प्रमुखता से रखीं। ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं एवं जनहित से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई पवन कुमार ने कहा कि सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को उनके गांव में ही सुनना तथा संबंधित विभागों के माध्यम से उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए उनके निस्तारण की प्रभावी निगरानी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *