प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा शाम एवं रात्रि के समय नियमित रूप से सघन चेकिंग एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में 18 सितंबर 2026 की शाम एवं रात्रि में जनपद के विभिन्न थाना एवं कोतवाली क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा सार्वजनिक स्थानों होटल-ढाबों तथा प्रमुख मार्गों पर चेकिंग की गई। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों एवं होटल-ढाबों में शराब पीने-पिलाने वाले पांच व्यक्तियों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा नशे की हालत में वाहन चलाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने जैसी गतिविधियों के प्रति लगातार सख्ती बरती जा रही है। नशे में वाहन चलाना चालक के साथ-साथ सड़क पर आवागमन कर रहे अन्य लोगों के लिए भी गंभीर जोखिम उत्पन्न करता है। पुलिस ने लोगों से नशे का सेवन कर वाहन नहीं चलाने सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन नहीं करने तथा यातायात नियमों एवं निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है। वाहन चलाते समय स्वयं के साथ-साथ अन्य यात्रियों एवं राहगीरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने को कहा गया है।रुद्रप्रयाग पुलिस ने लोगों से सुरक्षित यातायात एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
